Thursday 6 December 2018

भारत का भ्रमित लोकतंत्र


भारत का भ्रमित लोकतंत्र
***********************

भारत के लोकतंत्र की उम्र
अभी 71 साल है |
अभी यह बचपन में है ?
जवानी में है ?
या वयस्क है ?

इंसान के लिहाज से
वयस्क तो होना चाहिए,
देश के हिसाब से
यह जवान है |
जवानी में जोश होता है,
नई सोच होती है,
नया कुछ करने का जज्बा होता है |
किंतु
भारत जवानी में सठिया गया है,
राष्ट्र के निर्माण में
लोकतंत्र के मूलभूत मुद्दे
शिक्षा, नौकरी, उद्योग धंधे,
गरीबी उन्मूलन, नागरिक सुविधाएं
जैसे मूलभूत विकासशील
मुद्दों को छोड़कर,
जाति, गोत्र,  धर्म  मोक्ष,
इहलोक, परलोक
मंदिर मस्जिद जैसे
मध्यकालीन, मुद्दों को आगे कर
चुनाव प्रचार हो रहा है |
नेता मंदिरों, दरगाह के
चक्कर काट रहे हैं,
बाबाओं और मौलानाओं
के आशीर्वाद ले रहे हैं |
भारत आगे बढ़ रहा है?
या लौटकर मध्य युग में जा रहा है?
विकास के मुद्दों से
जनता का ध्यान हटाया जा रहा है |
चुनावों में
गाय, हनुमान, राम का
सहारा लिया जा रहा है,
जिसे अब तक
भगवान मानते थे
अब उसे
दलित कहा जा रहा है |
स्वार्थ की राजनीति से
भगवान भी परेशान हैं|
 कोई हनुमान को
 दलित और मनुवादी
 का दास कह रहा है |

लोकतंत्र में मीडिया अर्थात
समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन
इत्यादि को चौथा स्तंभ कहते हैं,
इनका काम निष्पक्ष होकर
सच को जनता तक पहुंचाना है,
समाज को जागरूक रखना,
अंधविश्वास से मुक्ति देना,
और प्रगति के रास्ते में
चलने के लिए प्रेरित करना |
किंतु  अफसोस,
मीडिया अपने कर्तव्य में असफल है |
टीवी चैनल लोगों को भ्रमित कर रहा है
बाबा मौलानाओं  के प्रवचन
को 24 घंटे प्रसारण कर रहे हैं,
भोले भाले जनता को
अंधविश्वासी और
अकर्मण्य  बना रहे हैं |
मीडिया को समझना चाहिए
भारत के लोकतंत्र क्या
संत बाबाओं के नियम से चलेगा
या
भारत के संविधान से चलेगा

कालीपद 'प्रसाद'

Monday 3 December 2018

गंगा की सफाई

अतुकांत कविता
***************
गंगा की सफाई
***********
थेम्स नदी का जल
गंगा जल से शुद्ध और निर्मल |
क्या है कारण ?
ब्रितानी शुद्ध विचार
दृढ़ संकल्प और लगन |
करीब पचास, पचपन साल पहले
यह नदी कचरों से
दबकर मर गई थी |
किंतु आज एक सजीव
विश्व में सबसे स्वच्छ नदी है |
लोग थेम्स को पवित्र नदी
नहीं मानते हैं, वरण
नदी को स्वच्छ रखने का
अपना पवित्र कर्तव्य मानते हैं |
गंगा को हम पवित्र मानते हैं,
किन्तु उसे स्वच्छ रखना
आपना कर्तब्य नहीं मानते है |
स्वच्छ गंगा के लिए
करोड़ों रुपए पानी में बहा दिए
फिर भी भक्ति नहीं होती
उस में डुबकी लगाकर नहाए |
एक लाश निकलती है
तो दूसरी बह कर आती है,
आस्था के नाम से,
गंगा मैली रखने के लिए
हम सब ने कसम खाई है |
गंगा को थेम्स से भी गर
स्वच्छ बनाना है,
तो आस्था के नाम से
पूजा सामग्री, शव
गंगा में डालना बंद करना है |
कारखानों के विषाक्त उत्सर्जन
पूजा की प्रतिमा का विसर्जन
भी बंद करना होगा |
रासायनिक रंग
जल को करता है दूषित ,
सरकार भी वोट के लिए
आस्था और कु-संस्कार को
करती है पोषित |
दोगला नीति बंद करना होगा
आवश्यकता पड़े,
कुंभ में स्नान भी बंद करना होगा |
गंगा से घड़े भर पानी लेकर
गंगा किनारे नहा ले,
हर कीमत पर
गंगा साफ करने का प्रण ले |
संस्कृति, समर्थ का
झूठा दंभ ना भरें,
अंग्रेजों ने थेम्स को
दुनिया का सबसे स्वच्छ नदी बनाया है ,
दृढ़ प्रतिज्ञाबद्ध हो
हम भी गंगा को उससे
ज्यादा स्वच्छ करें |
गंगा को आप पवित्र माने या न माने
गंगा को साफ़ रखना अपना
पवित्र कर्तब्य माने |
कालीपद 'प्रसाद'