तुम मुझे जानोगे नहीं
दुनियाँ की भीड़ में
तुम मुझे पहचानोगे नहीं ,
तुम्हारी नयन , तुम्हारी उपनयन
तुम्हारी सूक्ष्म दर्शियाँ
मुझे ढूंढते ढूंढते थक जाएँगी
पर तुम मुझे ढूंढ़ पाओगे नहीं।
मैं सूक्ष्म हूँ ,
पर सूक्ष्म जगत में भी
तुम मुझे देख पाओगे नहीं।
मैं कभी अलौकिक , अनादि अनंत ,
कभी भौतिक जीव हूँ
ठीक तुम्हारी तरह, सजीव हूँ।
आकाश ,अग्नि ,जल ,वायु का
संगम होता है जब मृत्तिका से
मेरा एक नया भौतिक रूप उभर आता है,
तुम्हारी तरह एक नया जीवन का संचार होता है ,
नाम होता है सीता ,गीता ,समीम
या कुछ और जैसे राम ,रहीम ,
या फिर पक्षी,पशु बृहद मातंग
या सूक्ष्म रूप किट पतंग।
कभी बनस्पति ,विशाल वट वृक्ष
पूजते हैं नर नारी मानकर नारायण।
हर प्राणी, हर वनस्पति
सब है मेरी ही प्रकृति।
जान में हूँ ,बेजान में भी हूँ।
जान पाए मेरा स्वरुप क्या तुम ?
क्या हूँ मैं? कौन हूँ मैं ?
मैं आकाश हूँ ,पर केवल आकाश नहीं ,
मैं अग्नि हूँ ,पर केवल अग्नि नहीं ,
मैं जल हूँ ,पर केवल जल नहीं ,
मैं वायु हूँ ,पर केवल वायु नहीं ,
मैं मिटटी हूँ , पर केवल मिटटी नहीं ,
मैं इनके समष्टि हूँ,
मैं भौतिक भी हूँ, और अलौकिक भी ,
तुम में
मैं अन्तर्निहित शक्ति हूँ
मुझे जानो ,मुझे पहचानो
कौन हूँ मैं ?
रचना कालिपद "प्रसाद
सर्वाधिकार सुरक्षित








